– सोनभद्र में 2.51 लाख लाभार्थियों के खातों में स्थानांतरित होगी सब्सिडी राशि
सोनभद्र। दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजनान्तर्गत ₹1500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ पात्र परिवारों को गैस रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य, विधायक सदर भूपेश चौबे, जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा डेमो चेक वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उज्ज्वला योजना ने गरीब महिलाओं के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। यह योजना महिलाओं को मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर उन्हें धुएँ रहित जीवन की ओर अग्रसर कर रही है। विधायक सदर भूपेश चौबे ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक ईंधनों के स्थान पर स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। इससे महिलाओं का सशक्तिकरण तो हो ही रहा है, साथ ही उनके स्वास्थ्य की भी सुरक्षा हो रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2,51,294 गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। दीपावली के अवसर पर इन लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की राशि स्थानांतरित की जाएगी। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को न केवल रसोई गैस की सुविधा मिल रही है बल्कि उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों की सुरक्षा हो रही है। दीपावली और होली जैसे प्रमुख पर्वों पर लाभार्थियों को निःशुल्क गैस रिफिल की सुविधा प्रदान कर सरकार ने उनकी खुशियों को और बढ़ाया है। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









