समर सैम
भारतीय रेल ने यात्रियों को एक बड़ी राहत दी है। अक्सर देखा जाता है कि लोग महीनों पहले टिकट बुक कराते हैं, लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आते-आते योजनाएँ बदल जाती हैं। अब तक यदि टिकट कन्फर्म हो चुका होता था, तो यात्री उसे कैंसिल कराकर भारी कटौती झेलते थे या नई टिकट बुक करनी पड़ती थी। मगर अब रेल मंत्रालय ने यात्रियों की इस परेशानी को खत्म करने का फैसला लिया है।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर जनवरी 2026 से एक नई सुविधा लागू की जाएगी, जिसके तहत कन्फर्म टिकट की तारीख बदली जा सकेगी, वह भी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के। यह कदम यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि के लिहाज से ऐतिहासिक माना जा रहा है। नई व्यवस्था से लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी, विशेष रूप से उन लोगों को जो जरूरी कारणों से यात्रा स्थगित या पूर्व निर्धारित तारीख बदलना चाहते हैं। यह डिजिटल टिकटिंग सिस्टम और डेटा प्रबंधन में रेलवे की तकनीकी क्षमता का एक और उदाहरण है। यह सुविधा लागू होने से रेलवे को भी फायदा होगा- कैंसिलेशन और रिफंड से जुड़ी जटिलताओं में कमी आएगी, सीटों की उपयोगिता बढ़ेगी और यात्रियों का भरोसा मजबूत होगा। यह कहा जा सकता है कि भारतीय रेल अब केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि यात्रियों की सहूलियत को प्राथमिकता देने वाली सेवा बन रही है। अगर यह योजना समय पर लागू होती है, तो यह भारत की रेल यात्रा को और अधिक लचीला, आधुनिक और जनोन्मुख बनाएगी। यह पहल “एक यात्री–एक भरोसा” की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
Author: Pramod Gupta
Hello









