– SOG और तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई — हत्या, डकैती समेत 19 मुकदमों में था वांछित, 2012 में पुलिस कस्टडी से भागा था
बरेली (नवी अहमद) 9 अक्तूबर बरेली में गुरुवार तड़के नैनीताल रोड के बिलवा ब्रिज के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख रुपये का इनामी कुख्यात डकैत इफ्तेखार उर्फ़ शैतान मारा गया। यह मुठभेड़ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और तीन थानों की पुलिस टीम के बीच हुई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से इफ्तेखार की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस दौरान SOG का हेड कॉन्स्टेबल राहुल घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल पर बरामद हथियार और सामान
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, दो मैगज़ीन, 17 जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि मौके से भागे साथी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
आपराधिक जन्मकुंडली: 19 मुकदमे और 2012 में फरारी
इफ्तेखार उर्फ़ शैतान पर हत्या, डकैती और लूट जैसे 19 गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह कई जिलों में वांछित था और पुलिस विभाग ने उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2006 में फ़रीदपुर के पाचोमी मंदिर में डकैती और पादरी की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा कई अन्य लूट और हत्या के मामलों में भी वह शामिल था। वर्ष 2012 में बाराबंकी पुलिस कस्टडी से भागने के बाद से वह लगातार फरार था और उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड तक कई जिलों में सक्रिय रहा।
गिरोह का फैलाव और पुलिस को चकमा देने की रणनीति
इफ्तेखार मूल रूप से कासगंज जिले के बड़ी चौक, कदरगंज रोड का रहने वाला बताया जाता है। फरारी के दौरान वह ग़ाज़ियाबाद के टिलामोड़ इलाके में रहकर छिप-छिपकर वारदातें करता रहा। पुलिस के अनुसार, वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों से काम करता था और हर वारदात के बाद ठिकाना बदल लेता था।
SOG और पुलिस का बयान
SOG प्रभारी ने बताया कि इफ्तेखार लंबे समय से जिले की “मोस्ट वांटेड” सूची में था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, पुलिस पर फायरिंग और गैंगस्टर एक्ट जैसे मामले दर्ज थे। तड़के उसकी लोकेशन मिलने पर तीन थानों की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की, जिस पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया।
Author: Pramod Gupta
Hello









