रामपुर (समर सैम) रामपुर से दिल्ली जा रही एक रोडवेज बस रविवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते बच गई। यह हादसा ब्रजघाट गंगा पुल पर हुआ, जब तेज रफ्तार में जा रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए आधी लटक गई। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसे के दौरान चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और दरवाजों से कूदने लगे। बस का अगला हिस्सा पुल के बाहर झूलता रहा जबकि पिछला हिस्सा किसी तरह पुल पर टिका रहा। नीचे गंगा नदी का गहरा पानी बह रहा था, जिससे हादसा बड़ा रूप ले सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। क्रेन की मदद से बस को सुरक्षित पुल पर खींचा गया। ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका गया, जिसके बाद यातायात बहाल कर दिया गया अधिकारियों ने बताया कि बस का ब्रेक फेल होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि सटीक कारण की जांच की जा रही है। यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली रवाना किया गया। स्थानीय लोगों ने इसे “भगवान की कृपा” बताया कि इतनी खतरनाक स्थिति में भी किसी को चोट नहीं आई। इस हादसे ने एक बार फिर रोडवेज बसों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









