सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज, विंढमगंज की कक्षा 12 की छात्रा रीता कुमारी पुत्री गुलाब चंद्र को एक दिन के लिए विंढमगंज थाने का कार्यभार सौंपा गया। थाना प्रभारी का दायित्व संभालते ही रीता ने फरियादियों की समस्याएँ सुनीं, मातहतों को महिला संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए तथा महिला हेल्प डेस्क व अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि थाने का कार्यभार संभालना कठिन और जिम्मेदारी भरा अनुभव है। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि यह आयोजन मिशन शक्ति की उस भावना को मजबूत करता है, जिसमें बालिकाओं को नेतृत्व की प्रेरणा देकर आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता विकसित की जाती है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें। इस अवसर पर उपनिरीक्षक शाहिद खान, मु. अहमद सिद्दकी, महिला कांस्टेबल आराधना यादव सहित छात्राएँ रिंकी कुमारी, नूरी और अन्य लोग उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









