November 16, 2025 6:50 pm

आज़म ख़ान की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती

प्रयागराज (समर सैम) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामपुर से नौ बार विधायक रह चुके आज़म ख़ान की तबीयत शुक्रवार देर रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार उन्हें सांस लेने में तकलीफ़ और तेज़ कमजोरी की शिकायत हुई थी। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है और अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल उनकी स्थिति को स्थिर बताया है। गौरतलब है कि आज़म ख़ान लंबे समय तक जेल में भी बंद रहे हैं। विभिन्न मुकदमों में फँसने के बाद उन्हें रामपुर और सीतापुर जेल में काफ़ी दिन गुज़ारने पड़े थे। जेल से छूटने के बाद उनकी तबीयत अक्सर बिगड़ती रही है और डॉक्टरों ने भी उन्हें विशेष देखभाल की सलाह दी थी। यह पहला बड़ा मौका है जब जेल से रिहाई के बाद उन्हें गंभीर स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली के बड़े अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। आज़म ख़ान समाजवादी पार्टी के संस्थापकों में गिने जाते हैं और यूपी की राजनीति में उनका क़द हमेशा से बड़ा रहा है। वे मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे हैं और सपा सरकार में कई बार कैबिनेट मंत्री रहे। रामपुर की जनता उन्हें अपना सच्चा रहनुमा मानती है। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर उनके समर्थक लगातार दुआएं कर रहे हैं। रामपुर और लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ता मस्जिदों में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआएं माँग रहे हैं। उधर, अखिलेश यादव सहित सपा नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और परिवार के सदस्यों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। आज़म ख़ान की हालत को लेकर गंगा राम अस्पताल समय-समय पर मेडिकल बुलेटिन जारी करेगा, जिसका इंतज़ार न सिर्फ़ सपा कार्यकर्ताओं बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की जनता को है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!