हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ ज़िले में आवारा कुत्तों के साथ-साथ अब बंदरों का आतंक भी लोगों की ज़िंदगी मुश्किल बना रहा है। ताज़ा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के कोठी गेट मोहल्ले का है, जहाँ भाजपा नेता प्रवीण सेठी पर अचानक बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें अपनी जान बचाने के लिए स्कूटी तक छोड़नी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, प्रवीण सेठी स्कूटी से कहीं जा रहे थे कि तभी अचानक कई बंदरों ने उन पर धावा बोल दिया। झुंड में आए बंदरों ने उनकी स्कूटी को घेर लिया और उन्हें डराकर गिराने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख भाजपा नेता ने समझदारी दिखाते हुए स्कूटी को वहीं छोड़ दिया और किसी तरह भागकर जान बचाई। इस घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही कुत्तों के काटने की घटनाओं से लोग परेशान थे, अब बंदरों का झुंड भी आए दिन हमला कर रहा है। कई बच्चे और बुजुर्ग इनके आतंक से घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम और प्रशासन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।निवासियों का कहना है कि शाम ढलते ही बंदरों के झुंड गलियों और छतों पर कब्ज़ा कर लेते हैं। लोगों को घर से बाहर निकलने में डर लगता है। भाजपा नेता पर हुए हमले के बाद अब आम जनता और भी ज्यादा चिंतित है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कुत्तों और बंदरों के आतंक पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्यवाही की जाए, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में अपनी दिनचर्या जी सकें।
Author: Pramod Gupta
Hello









