November 24, 2026 5:48 pm

इश्क़ में फ़ना- दो जिस्म, एक जान

– बुलंदशहर में इश्क का दर्दनाक अंत

बुलंदशहर (समर सैम) बुलंदशहर की ज़मीन ने एक बार फिर इश्क़ का वह दर्दनाक मंज़र देखा जिसने पूरे समाज को हिला दिया। 20 सितंबर को घर से भागे दो मासूम दिल, जो अपने प्यार को बचाने निकले थे, मौत की आगोश में सदा के लिए समा गए। पुलिस से घिरने पर प्रेमी ने अपनी नाबालिग प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी मौत के हवाले कर दिया। महज़ कुछ ही पलों में दो ज़िंदगियाँ बुझ गईं और पीछे छूट गईं सवालों की लंबी फ़ेहरिस्त। इश्क़ को खुदा का नूर कहा जाता है, लेकिन जब वही इश्क़ सामाजिक बंदिशों, परिवारिक दबाव और अंधे जुनून की गिरफ्त में आ जाता है तो उसका अंजाम बेहद खौफ़नाक हो सकता है। सवाल यह उठता है कि आज भी क्यों समाज प्रेम करने वालों को अपनाने में नाकाम है? क्यों इज़्ज़त और तंगदिली के बोझ तले इंसानियत की साँस घुट जाती है? और क्यों नौजवान मौत को गले लगाने में ही अपनी मुक्ति ढूँढ़ लेते हैं? यह घटना दरअसल हमारे सामाजिक ढाँचे की कमज़ोरियों को उजागर करती है। नाबालिग उम्र में प्रेम भावनाओं के उबाल से भरा होता है, लेकिन विवेक की कमी से भरा फ़ैसला अक्सर त्रासदी की ओर ले जाता है। यहाँ भी दोनों मासूमों ने भविष्य की कोई ठोस राह नहीं सोची थी। परिवार का डर, समाज का दबाव और पुलिस की घेराबंदी ने मिलकर उन्हें वह क़दम उठाने पर मजबूर कर दिया जिसका अंजाम मौत था। लेकिन क्या वाकई मौत ही रास्ता था? काश, परिवार संवाद का दरवाज़ा खोलता, समाज अपनी सोच में नरमी लाता और कानून भी ऐसे मामलों को संवेदनशीलता से देखता, तो शायद दो मासूम दिल आज ज़िंदा होते। समाज को यह समझना होगा कि प्रेम कोई गुनाह नहीं है। यह जीवन की सबसे स्वाभाविक और ख़ूबसूरत भावना है। इसे दबाने, ठुकराने या दंडित करने से केवल त्रासदियाँ जन्म लेंगी। परिवारों को बच्चों की भावनाओं को समझने और उन्हें सही दिशा देने की ज़िम्मेदारी उठानी होगी। वहीं, युवाओं को भी यह सीखना होगा कि सच्चा प्यार हिम्मत और सब्र का नाम है, मौत का नहीं। बुलंदशहर की यह घटना सिर्फ़ एक खबर नहीं, बल्कि एक चेतावनी है कि अगर समाज अपनी सोच में बदलाव नहीं लाता तो प्रेम की कहानियाँ ऐसे ही खून में लिखी जाती रहेंगी। इश्क़ में फ़ना होना इबादत है, लेकिन मौत को गले लगाना नहीं…
सच्चे प्यार की असल मंज़िल ज़िंदगी है, ना कि मौत की तन्हाई।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!