पूजा कार्य महंत पंडित उपेन्द्र नाथ जी के सान्निध्य में सम्पन्न
कोन सोनभद्र-(मुन्ना लाल जायसवाल)।शारदीय नवरात्रि के तीसरे दिन माँ चंद्रघंटा की पूजा के पावन अवसर पर चांची खुर्द में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही पंडाल परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तजनों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ माता रानी के दर्शन किए।
पूजा-अर्चना का समस्त कार्य गाँव के पूज्य महंत पंडित उपेन्द्र नाथ जी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ। पूजा के पश्चात विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन की व्यवस्था नव युवक मंगल दल, चांची खुर्द द्वारा की गई थी। दल के अध्यक्ष अमरेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में मंदिर परिसर की आकर्षक सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, एवं महाप्रसाद वितरण जैसे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
अध्यक्ष अमरेश कुमार गुप्ता ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि धार्मिक परंपराओं को जीवित रखते हुए गाँव में सामाजिक एकता और भक्ति भावना को बढ़ावा दिया जाए। मंगल दल हर वर्ष इस आयोजन को पूरी निष्ठा के साथ करता आया है और आगे भी करता रहेगा।”
गाँव के वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने भी आयोजन में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। सभी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर माँ दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।








