सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र में ज़मीन कब्ज़े का सनसनीखेज़ मामला संपूर्ण समाधान दिवस में सामने आया। ग्राम हरनाकछार निवासी पीड़िता सरिता देवी पत्नी रामअधार ने जिलाधिकारी के नाम एक शिकायती पत्र उपजिलाधिकारी दुद्धी को सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके भूमिधरी भूखंड पर अवैध कब्ज़ा कर लिया गया है। पीड़िता ने बताया कि 1 सितम्बर को कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपाल ने विपक्षी पक्ष के दबाव में आकर नापी कराई थी और मकान तोड़ने तक की बात कही थी। इसके बाद 19 सितम्बर को बगल में रहने वाले दशरथ पुत्र बच्चा साह, उनकी पत्नी व बेटे ने घर की दीवार तोड़ दी और अंदर से सिटकनी बंद कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने टीनशेड लगाकर तीन कमरों पर कब्ज़ा कर लिया, जबकि घर के अंदर सीमेंट, सरिया सहित कई घरेलू सामान मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने 112 पर सूचना दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को विंढमगंज थाने बुलाकर बीएनएसएस के तहत कार्यवाही भी की, लेकिन उसके बावजूद विपक्षी ने कब्ज़ा बरकरार रखा है। पीड़िता ने प्रशासन से अपने घर की कब्ज़ामुक्ति और न्याय की गुहार लगाई है।
Author: Pramod Gupta
Hello









