– जिला प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यक्रम सफल
सोनभद्र। राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के मौके पर युवा कांग्रेस ने बुधवार को जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने किया। विरोध को रोकने के लिए प्रशासन ने जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चकमा देकर पकौड़े, चाय का ठेला लगाकर सरकार की रोजगार नीति के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार का “हर साल 2 करोड़ रोजगार” का वादा केवल जुमला साबित हुआ है। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और मजबूरी में पकौड़े बेचने की नौबत आ गई है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ लेकर “रोजगार दो- देश बचाओ” और “नौकरी चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाए।
जिला उपाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव और महासचिव रोहिल मिश्रा ने संयुक्त बयान में कहा कि यह प्रदर्शन स्पष्ट संदेश है कि युवा अब चुप नहीं बैठेगा। शहर अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी ने कहा कि बेरोजगारी सिर्फ नौजवान ही नहीं, हर परिवार का सवाल है, इसलिए कांग्रेस हर स्तर पर आंदोलन तेज करेगी।कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र देव, प्रांजल श्रीवास्तव, रोहित मिश्रा, अनुज समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









