October 24, 2026 4:32 pm

VIP सड़क बनी मौत का फंदा, गड्ढों में डूबा विकास

सोनभद्र (समर सैम) राबर्ट्सगंज जिला कचहरी, तहसील और न्यायिक बंगलों से सटी सड़क बदहाल, अधिकारियों से लेकर आम जनता तक परेशान बरसात में तालाब बनी सड़क, बाइक सवार आए दिन हादसे का शिकार
जनता का आरोप- भाजपा को गड्ढे ही विकास दिखाई देते हैं, 2027 में दिखेगा हिसाब। राबर्ट्सगंज नगर का विकास नगर क्षेत्र जिले का सबसे संवेदनशील इलाका माना जाता है। यही इलाका जिला कचहरी, तहसील और न्यायिक अधिकारियों के सरकारी बंगलों से घिरा हुआ है। रोज़ाना यहां से जूडिशियल मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ अधिकारी, वकील, पत्रकार, नेता और पुलिस कर्मीयों का आना-जाना होता है। बावजूद इसके, विकास नगर की यह VIP सड़क गड्ढों में तब्दील होकर लोगों की जिंदगी को नरक बना रही है। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। गहरे गड्ढों में पानी भरने से सड़क तालाब जैसी हो जाती है। पैदल चलना तो दूर, मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों का निकलना खतरे से खाली नहीं रहता। कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक चुप्पी और नेताओं की अनदेखी ने नागरिकों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधि विकास के नाम पर केवल भाषण देते हैं, मगर धरातल पर हालात जस के तस हैं। आम जनता तंज कसते हुए कह रही है कि “भाजपा को यही गड्ढे विकास दिखाई देते हैं।” शहर की सबसे अहम सड़क यदि इस हाल में है तो बाकी मोहल्लों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। एक अधिवक्ता ने कहा, “यह सड़क केवल आम नागरिकों के लिए ही नहीं बल्कि न्यायिक अधिकारियों, तहसील और कचहरी आने-जाने वालों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है। गड्ढों से भरी इस सड़क पर सफर करना किसी सज़ा से कम नहीं।” वहीं, व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़क के चलते कारोबार प्रभावित हो रहा है। जिससे कारोबार भी ठप हो रहा है। जनता का गुस्सा साफ है। लोग कहते हैं कि भाजपा के नेताओं की नजर इन गड्ढों पर नहीं जाती। चुनावी मंचों से लुभावने भाषण देना आसान है लेकिन सड़क की मरम्मत कराना शायद मुश्किल काम है। लोगों का मानना है कि अगर हालात नहीं सुधरे तो 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को इन्हीं गड्ढों का आईना दिखाएगी। एक वरिष्ठ नागरिक ने व्यंग्य में कहा, “जनता अब भाजपा को उसी गड्ढे के पानी में चेहरा दिखाएगी जिसमें उनकी नीतियां साफ नज़र आएंगी।” कुल मिलाकर, विकास नगर की VIP सड़क इस समय उपेक्षा और लापरवाही का प्रतीक बन चुकी है। सवाल यह है कि जिला कचहरी और न्यायिक अधिकारियों के बंगलों से सटी इस सड़क की मरम्मत के लिए आखिर किसकी प्रतीक्षा की जा रही है?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!