November 24, 2026 4:44 pm

स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता और सरकार की जिम्मेदारी

सोनभद्र (समर सैम) उत्तर प्रदेश का अंतिम जिला सोनभद्र केवल भौगोलिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। यह जिला चार राज्यों- उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश का प्रवेश द्वार है। आदिवासी बहुल और नक्सल प्रभावित यह इलाका दशकों से उपेक्षा का शिकार रहा है। आज यहाँ की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह डिरेल्ड है और नागरिकों का जीवन दांव पर लगा हुआ है। गाँवों और कस्बों में झोलाछाप डॉक्टरों और फर्जी बोर्ड लगाकर चलाए जा रहे क्लीनिकों का बोलबाला है। ये तथाकथित डॉक्टर बिना किसी वैध डिग्री और पंजीकरण के लोगों का इलाज कर रहे हैं। गरीब, असहाय और आदिवासी जनता, जिनके पास बड़े शहरों में जाने की सुविधा नहीं है, इन्हीं पर भरोसा कर बैठती है। परिणामस्वरूप आए दिन गलत इलाज और लापरवाही के चलते मासूम जानें चली जाती हैं। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की बात करें तो यह केवल कागज़ों पर सीमित रह गई है। हाल ही में दुद्धी क्षेत्र में कई हॉस्पिटल सीज़ किए गए, लेकिन चौबीस घंटे भी नहीं बीते कि वे पुनः चालू हो गए। यही हाल घोरावल और शाहगंज में देखने को मिला। यह स्थिति गंभीर सवाल खड़े करती है- क्या सीज़ का अर्थ केवल औपचारिकता निभाना भर है? और यह सब किसके संरक्षण में हो रहा है? यह समस्या केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं है, बल्कि गहरी मानवीय त्रासदी है। जब किसी परिवार का कमाने वाला सदस्य दम तोड़ देता है, तो उस घर का चूल्हा ठंडा पड़ जाता है। जब किसी माँ- बाप की संतान गलत इलाज से गुजर जाती है, तो उनके जीवन की सारी उम्मीदें बुझ जाती हैं। मासूम बच्चों का भविष्य अधर में लटक जाता है। यह वे करुण दृश्य हैं, जिन्हें आंकड़ों में नहीं मापा जा सकता। योगी आदित्यनाथ सरकार ने कई बार जनहित के मुद्दों पर सख्ती दिखाई है। कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं पर उनका फोकस रहा है। परंतु सोनभद्र का सवाल केवल प्रशासनिक विफलता का नहीं, बल्कि इंसानी जिंदगियों का है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इस उपेक्षित जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं से सशक्त करे।

जनता की अपेक्षाएँ स्पष्ट हैं

सभी अवैध क्लीनिक और हॉस्पिटल स्थायी रूप से बंद हों।झोलाछाप डॉक्टरों पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो।

सीज़िंग के बाद पुनः संचालन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं और पर्याप्त चिकित्सकों से लैस किया जाए।

सोनभद्र केवल उत्तर प्रदेश का अंतिम जिला नहीं, बल्कि चार राज्यों की सीमाओं को जोड़ने वाला पुल है। यहाँ की उपेक्षा केवल स्थानीय समस्या नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चिंता का विषय है। सरकार से यह अपेक्षा करना अनुचित नहीं कि वह स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा सुनिश्चित करे। यह केवल राजनीतिक वादों की बात नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन और मानवीय गरिमा से जुड़ा सवाल है। योगी आदित्यनाथ सरकार को चाहिए कि वह इस मुद्दे पर तत्काल और ठोस कदम उठाए, ताकि सोनभद्र के नागरिक भी सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!