सोनभद्र (ओबरा) भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत ओबरा द्वारा कूड़े-कचरे के अवैध निस्तारण के खिलाफ जिलाधिकारी बी.एन. सिंह को पत्र सौंपा। युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अरविन्द सोनी ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा निर्धारित कूड़ा निस्तारण केंद्र का उपयोग न कर सेक्टर-9 से खरेटिया मार्ग किनारे प्रतिदिन भारी मात्रा में कचरा फेंका जा रहा है। इससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और पशु-पक्षियों को प्रदूषण एवं बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि उक्त क्षेत्र तापीय परियोजना का है, इसके बावजूद वहां खुलेआम कूड़े का डम्पिंग किया जा रहा है। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत ओबरा संभवतः बिना एनओसी के ही कचरे का निस्तारण कर रही है। जबकि नगर पंचायत में पहले से ही कूड़ा निस्तारण केंद्र मौजूद है, फिर भी रहवासी क्षेत्र और सार्वजनिक मार्गों पर गंदगी फैलाई जा रही है। जिलाधिकारी ने पत्र को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इस प्रकरण पर जल्द ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा मंडल मंत्री उमेश चन्द्र शुक्ला, कार्य समिति सदस्य वीरेन्द्र पाण्डेय, अमित शर्मा, रिजवान अहमद, अनीश सेठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









