सोनभद्र (दुद्धी) मंगलवार की सुबह स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मधुबन में एक 54 वर्षीय व्यक्ति की चेक डैम में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जयलाल गौड़ पुत्र स्वर्गीय रामसेवक गौड़ निवासी मधुबन के रूप में हुई है। वे सुबह लगभग 6 बजे नहाने के लिए चेक डैम गए थे। नहाते समय उनका पैर फिसल गया और कीचड़ में फंसने से गहरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। ग्राम बीडीसी नंदू प्रसाद गौतम ने बताया कि जब जयलाल घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजते हुए चेक डैम पहुंचे, जहां उनका तौलिया और बनियान बाहर रखे मिले। बाद में ग्रामीणों की मदद से उनका शव पानी से बाहर निकाला गया। सूचना पर ग्राम प्रधान बर्फी लाल ने दुद्धी कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया। एसआई श्यामानंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से हुई मौत का है। मृतक की पत्नी दिलबसिया देवी ने भी इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
Author: Pramod Gupta
Hello








