– घोरावल ब्लॉक की पंचायतों में नाली, जल निकासी, मजदूरी भुगतान जैसी समस्याएं बनी रहीं अनसुलझी
सोनभद्र (घोरावल) विकास खंड घोरावल अंतर्गत ग्राम पंचायतों में व्याप्त बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव मोहम्मद सेराज हुसैन के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि ओड़हथा, खैरा, जमगांई पिपरी नंबर एक, ढुटेर सहित लगभग सभी पंचायतों में नाली निर्माण, खड़ंजा, आवास योजना, हैंडपंप मरम्मत, जल निकासी, साफ-सफाई, पौधरोपण, तालाबों का सुंदरीकरण जैसे कार्य ठप पड़े हैं। वहीं मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी बकाया है और ग्राम सभाओं की खुली बैठकों का भी आयोजन नहीं हो रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जन समस्याएं सुरसा की तरह मुंह बाए खड़ी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौन बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि इन समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराया जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से मोहम्मद सेराज हुसैन, सत्यम प्रकाश मिश्रा, संतोष कुमार नागर, रामरूप शुक्ला, मोहन बियार, आफताब आलम, श्याम सुंदर चौधरी सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









