February 13, 2026 7:35 pm

13 वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत से हड़कंप, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

– अस्पताल संचालक हिरासत में, सीएमओ के निर्देश पर मरीजों को किया गया शिफ्ट

सोनभद्र। जिले के कोन थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में मंगलवार देर रात एक 13 वर्षीय बालक वेदांत की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों की लापरवाही और गलत इंजेक्शन के कारण उसकी जान चली गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और अस्पताल संचालक को हिरासत में ले लिया है। ग्राम पंचायत मिश्री के टोला डोमा निवासी वेदांत 13 वर्ष पुत्र राजीव रंजन पाठक को देर रात करीब तीन बजे पेट में तेज दर्द उठा। परिजन उसे तत्काल कोन स्थित भारत हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां एक कर्मचारी ने वेदांत को इंजेक्शन लगाया और कहा कि अब वह ठीक है, उसे घर ले जाएं। परिजन वेदांत को घर ले गए, लेकिन घर पहुंचते ही उसकी हालत फिर से बिगड़ने लगी। परिजन दोबारा उसे उसी अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर इस बार अस्पताल कर्मियों ने देखने से मना कर दिया। वे उसे दूसरे अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल संचालक को पकड़कर वहीं बैठा लिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संचालक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आया। अस्पताल में पहले से भर्ती दो महिलाओं का बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था, जिन्हें मुख्य चिकित्सा अधिकारी CMO को सूचना देकर अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया गया। वहीं परिजनों ने शव को अस्पताल में रखकर मुआवजा व दोषी कर्मचारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक वेदांत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस दुखद समय में उसके पिता कैंसर के इलाज के लिए रांची में थे। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने अस्पताल को घेर लिया है और मामले की जांच व विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल में मौजूद थे और इंसाफ की मांग कर रहे थे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!