सोनभद्र। हाल ही में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ड्रोन के माध्यम से रात्रिकालीन भ्रम फैलाने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में ड्रोन नीति 2023 का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध ड्रोन संचालन को लेकर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
ड्रोन नीति 2023 के प्रमुख प्रावधान
कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन थाना स्तर से लिखित अनुमति लिए बिना ड्रोन का उपयोग नहीं कर सकता। चाहे वह सर्वेक्षण हो, धार्मिक या सामाजिक आयोजन अथवा कोई अन्य उद्देश्य, ड्रोन संचालन के लिए सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति अनिवार्य है।
पुलिस की सतर्क पहल
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में ग्राम सुरक्षा समितियों, ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडलों, स्कूल-कॉलेजों के साथ जन-जागरूकता बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट व सोशल मीडिया के माध्यम से ड्रोन नीति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कड़ी चेतावनी
बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर FIR दर्ज कर सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया जा सकता है।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, फर्जी वीडियो या अफवाह फैलाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जनसामान्य से अपील
सत्यापित किए बिना कोई भी सूचना साझा न करें। यदि किसी संदिग्ध ड्रोन संचालन या गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
जनहित में चेतावनी“ड्रोन उड़ाएं, लेकिन अनुमति के साथ।
अभिव्यक्ति करें, लेकिन जिम्मेदारी के साथ।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ – कदापि स्वीकार्य नहीं।”
Author: Pramod Gupta
Hello









