सोनभद्र। अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के सभी राजकीय कॉलेजों में छात्रों को जीवन कौशल से जोड़ने हेतु हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा हेल्प (HELP) प्रोग्राम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम छात्रों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में जून 2025 से हेल्प प्रोग्राम की शुरुआत हुई है। तीन दिवसीय इस विशेष प्रशिक्षण में छात्राओं को हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन, मेडिटेशन, हार्टफुलनेस क्लीनिंग तथा प्रेयर की विधियों से परिचित कराया गया, जिससे वे संतुलित, उद्देश्यपूर्ण और सुखी जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
आगामी चरण में 16 अतिरिक्त सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें समय प्रबंधन, तनाव नियंत्रण, सकारात्मक संबंध निर्माण, साझा करने एवं देखभाल की भावना, नियति निर्माण तथा मन को शांत व केंद्रित रखने जैसे जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। इन सभी सत्रों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को हार्टफुलनेस एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल कनेक्ट, सोनभद्र की टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें हार्टफुलनेस प्रशिक्षक गोपाल एवं वॉलंटियर्स प्रशांत कुमार भारती, कंचन लता, अचला एवं श्रद्धा श्रीवास्तव प्रमुख रूप से शामिल हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









