सोनभद्र। थाना ओबरा अंतर्गत पीआरवी 1330 की मुस्तैदी और मानवीय संवेदनशीलता की एक मिसाल सामने आई है। शनिवार को सलईबनवा के समीप डमडम गुफा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए युवक को समय रहते सहायता प्रदान कर उसकी जान बचाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भानू प्रताप पुत्र रामश्रंगार निवासी बिल्ली, थाना ओबरा द्वारा पीआरवी 1330 को सूचना दी गई कि एक युवक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही पीआरवी 1330 पर तैनात कांस्टेबल मनोज गुप्ता एवं कांस्टेबल अखिल कुमार शुक्ला तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर उन्होंने देखा कि युवक अचेत अवस्था में पड़ा है और उसके सिर व पैर से तीव्र रक्तस्राव हो रहा है।
बिना समय गंवाए पीआरवी कर्मियों ने फर्स्ट एड बॉक्स की सहायता से प्राथमिक उपचार शुरू किया और घायल को होश में लाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन देर होने पर पीआरवी वाहन से ही घायल को अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में एम्बुलेंस मिलने पर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भिजवाया गया। पीआरवी 1330 की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीयता की सराहना क्षेत्र में की जा रही है। इन कर्मियों की सजगता से घायल को समय रहते चिकित्सा मिल सकी, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।
Author: Pramod Gupta
Hello









