सोनभद्र। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित जलाभिषेक संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर कुमार मिश्रा विजयगढ़ दुर्ग किले पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और श्रद्धा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कांवरिया विजयगढ़ दुर्ग से जल लेकर देवघर के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि श्रावण मास श्रद्धा और सुरक्षा दोनों का पर्व है, और प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी श्रद्धालु असुविधा का शिकार न हो। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि यात्रा मार्ग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे। उन्होंने बताया कि विजयगढ़ दुर्ग से लेकर सीढ़ियों तक का मार्ग रोशनी से जगमगा रहा है और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं ताकि संपूर्ण क्षेत्र की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
मानवता की मिसाल बने क्षेत्राधिकारी
यात्रा के दौरान एक पैर से विकलांग कांवरिया को जब सीढ़ियाँ चढ़ने में कठिनाई हुई, तो क्षेत्राधिकारी रणधीर कुमार मिश्रा ने स्वयं आगे बढ़कर उसे सहारा दिया और अपने हाथों से सीढ़ियाँ चढ़वायीं। यह दृश्य श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना और क्षेत्राधिकारी की सराहना हर ओर हो रही है।रणधीर कुमार मिश्रा ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से उनकी सेवा में तत्पर है। उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि तत्काल समाधान किया जा सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









