सोनभद्र/रॉबर्ट्सगंज (विशाल टंडन) मेरा प्लास्टिक, मेरी जिम्मेदारी एक ऐसा अभियान है जो लोगों को प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और अपने आसपास के वातावरण को प्लास्टिक से मुक्त रखने के लिए प्रोत्साहित करता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा करने, उसे ठीक से अलग करने और रीसाइकल करने के माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है- लोगों को प्लास्टिक बैग, प्लास्टिक की बोतलें और अन्य प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग कम करने के लिए प्रोत्साहित करना, घरों और सार्वजनिक स्थानों से प्लास्टिक कचरे को इकट्ठा करना, प्लास्टिक कचरे को विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक के अनुसार अलग करना ताकि उन्हें रीसाइकल किया जा सके। इस अभियान से हमारा नगर स्वच्छ होगा वातावरण शुद्ध होगा साथ ही साथ हमारे स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होगा। इस तरह के अभियान से हमारे व्यवहार में भी परिवर्तन आता है जब हम यहां वहां प्लास्टिक के कचरे को फेंकने की बजाय एक जगह एकत्रित करेंगे तो धीरे-धीरे यह हमारी आदत में शुमार हो जाएगा और आने वाला कल भी प्लास्टिक मुक्त हो सकता है।
इस अभियान को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा है कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में जनपद में मेरा प्लास्टिक मेरी जिम्मेदारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए सभी प्रधान, ग्राम वासियों एवं जनपद वासियों से अपील है कि वह अपने घर में एक बोरी टांगें और घर में जो भी प्लास्टिक का कचरा निकलता है उसमें डाल दें।
समय पर हमारे सफाई कर्मी जाएंगे और उसे एकत्रित करेंगे। यह एक तरह से व्यवहार परिवर्तन लाने वाला अभियान है। इसके बहुत ही पर्यावरणीय फायदे हैं साथ ही हमारे स्वास्थ्य के लिए भी फायदे मंद है। इसके लिए आप सभी से अपील है कि इस अभियान का हिस्सा बने।
“मेरा प्लास्टिक, मेरी जिम्मेदारी” अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है जो प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और एक स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण बनाने में मदद करता है।

Author: Pramod Gupta
Hello