October 10, 2026 12:42 am

मण्डलायुक्त ने लेखपाल व ग्राम सचिव को स्पष्टीकरण जारी करने व वेतन भुगतान पर रोक के दिये निर्देश

दुद्धी/सोनभद्र(राकेश गुप्ता)आयुक्त विंध्याचल मण्डल मीरजापुर बाल कृष्ण त्रिपाठी ने सोमवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जीवन शाला उच्च प्राथमिक विद्यालय मनबसा में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को बड़े ही सरल भाव से सुना। इस दौरान मण्डलायुक्त ने ग्राम प्रधान संजू देवी से केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से ग्रामीणों को दी जा रही लाभों की बारी-बारी से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाये, जिससे कि वो जागरूक होने के साथ ही पात्रता के आधार पर लाभान्वित हो सकें। इस मौके पर उन्होंने जीरो पावरटी के लोगों जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करते हैं या जिन्हें अब तक केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, की समीक्षा भी की। उन्होंने जीरो पावरटी के सर्वे कार्य में लगे सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर किया जाये और पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाये। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों के निर्देशित किया कि जीरो पावरटी के कार्य में शिथिलता व लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, जिस किसी स्तर पर कमी पायी जायेगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इस दौरान उन्होंने कलस्टर आवासों की स्थिति का भी जायजा सम्बन्धित अधिकारियों से ली। जन चौपाल में ज्यादा मामले फ्लोराइड युक्त पानी से प्रभावित लोगों की समस्या सामने आयी, जिस पर मण्डलायुक्त ने फ्लोराइड से प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य को गहनता पूर्वक देखा और सी0एम0ओ0 को बेहतर दवा ईलाज करने के निर्देश दिये, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके। जन चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों की उपस्थिति में मण्डलायुक्त ने जल जॉच के सभी पैरामीटर की जॉच करायी, जॉच में पाया गया कि पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक है, जिसकी जानकारी लोगों को दी गयी। उन्होंने कहा कि फ्लारोइड वाले पानी का प्रयोग करने से बचे, इस पानी को अन्य कामों में प्रयोग करें, जिनके घरों में नल का पानी उपलब्ध है, वो पीने के लिए शुद्ध पेयजल का प्रयोग अवश्य करें। जिन लोगों के पास नल का पानी नहीं आता है या खराब है, उनके लिए टैंकर से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दियें गये हैं। उन्होंने कहा कि फ्लोराइड युक्त पानी एक गंभीर समस्या है, जिसके समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है, जल्द ही फ्लोराइडयुक्त वाले क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जायेगी।
इस दौरान मण्डलायुक्त ने डिजिटल क्रास सर्वें के कार्य की समीक्षा की, तो यह तथ्य प्रकाश में आया कि इस कार्य में लगे लेखपाल व ग्राम सचिव द्वारा काफी लापरवाही व शिथिलता बरती जा रही है, जिस मण्डलायुक्त ने इन दोनों लापरवाहों के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करते हुए इनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दियें। उन्होंने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों को हर हाल में दिया दिया जाये, इसके लिए सम्बन्धित अधिकारी सर्वें का कार्य अच्छे तरीके से करना सुनिश्चित करेंगें।
इस मौके पर जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र के अधिकांश जगहों पर पानी में फ्लोराइड की मात्रा अधिक है, जिससे यहां के लोग प्रभावित भी हो रहे हैं। फ्लोराइड से प्रभावित वाले गांवों में रिमूलव किट का वितरण किये जाने की योजना बनायी गयी है, विद्यालय में किट उपलब्ध भी कराया जा रहा है, इस क्षेत्र के और भी गांव चिन्हित कर रिमूवल किट उपलब्ध कराया जायेगा। जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल सुविधा उपलब्ध कराया जाना है, इसके लिए सम्बन्धित को निर्देशित किया गया है कि शीघ्र ही इस पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, जिससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकें। जब तक जल जीवन मिशन के तहत पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, तब तक टैंकर के माध्यम से लोगों को पीने हेतु शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के गांवों में पानी उपलब्ध कराने हेतु 600 टैंकरों की व्यवस्था की गयी है, जिससे आसानी से लोगों को शुद्ध पेयजल मिलता रहें, टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की यह व्यवस्था कुछ महीनों के लिए ही है। इस क्षेत्र में हमेशा शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो, इसके लिए जल जीवन मिशन की योजना को सक्रिय व चालू कराया जायेगा, जिससे यहां के लोगों को शुद्ध पेयजल मिलता रहें। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (नमांमि गंगे) रोहित यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० अश्वनी कुमार, उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अधिशसी अभियन्ता जल निगम सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!