सोनभद्र। विंढमगंज (सुमन गुप्ता) विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडिह ग्राम पंचायत अंतर्गत रांची-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोन मोड़ चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दुद्धी की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने कोन मोड़ चौराहे से सलैयाडिह ग्राम पंचायत के अंबेडकर चौराहा के पास अपने घर जा रहे दिव्यांग दशरथ राम, उम्र लगभग 40 वर्ष, को जोरदार टक्कर मार दी। तीन पहिया गाड़ी से जा रहे दशरथ राम दोनों पैरों से दिव्यांग थे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी अंशु देवी, जो दोनों आंखों से दिव्यांग हैं, अपनी दो बेटियों प्रियांशी कुमारी, उम्र लगभग 10 वर्ष, और नंदनी कुमारी, उम्र लगभग 8 वर्ष, के साथ सास व पड़ोसियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और विलाप करने लगीं।
मृतक का बड़ा बेटा जयप्रकाश, उम्र लगभग 14 वर्ष, बाहर मजदूरी करने गया हुआ है। मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक छोटी परचून की दुकान चलाकर अपनी दिव्यांग पत्नी, बच्चों और मां का भरण-पोषण करता था। अब परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को थाने ले जाया गया है। सड़क के दोनों ओर लगे वाहनों के जाम को हटवाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









