सोनभद्र। अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर ‘जीरो चाइल्ड मैरिज डे’ अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान विकास समिति सोनभद्र एवं चाइल्ड राइट्स एंड यू के सहयोग से संस्था के कार्यक्षेत्र के ग्राम कुकराही, हर्दिहवा, अमौली, रैपुरा व ओढिया में चलाया गया। अभियान के तहत लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। बताया गया कि कम उम्र में विवाह से लड़कियों को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं, महिला समूहों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, शिक्षकों एवं समाजसेवियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी रखने और बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है। संस्था सचिव राजेश चौबे ने लोगों से बाल विवाह रोकने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
Author: Pramod Gupta
Hello









