April 18, 2026 3:48 pm

व्यापारियों की समस्याएं मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में गूंजीं, समाधान के निर्देश

सोनभद्र। 17 अप्रैल को आयुक्त विंध्याचल मंडल, मिर्जापुर की अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में जनपद सोनभद्र के व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सोनभद्र द्वारा प्रभावी ढंग से उठाया गया। संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं से मंडलायुक्त को अवगत कराते हुए त्वरित समाधान की मांग की। जिला अध्यक्ष ने बताया कि सोनभद्र मुख्यालय पर न तो पार्किंग की समुचित व्यवस्था है और न ही ट्रांसपोर्ट नगर, जिसके कारण व्यापारियों को माल की लोडिंग-अनलोडिंग में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके चलते कई बार व्यापारियों का भारी चालान भी किया जाता है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने अस्थायी ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था किए जाने की लिखित मांग रखी, जिस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में फ्लाईओवर के नीचे संचालित हो रही रोडवेज बसों की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। बताया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से बना बस स्टैंड निष्प्रयोज्य साबित हो रहा है, जबकि फ्लाईओवर के नीचे अव्यवस्थित तरीके से खड़ी बसों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों के साथ-साथ गंभीर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं। साथ ही, प्राइवेट बसों द्वारा अवैध रूप से बस स्टैंड संचालित किए जाने से स्थिति और बिगड़ गई है। कौशल शर्मा ने यह भी अवगत कराया कि उक्त समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी कई बार जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठकों में अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा, मानक विहीन निजी चिकित्सालयों की मनमानी पर भी चिंता जताई गई। उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों में बिना पर्याप्त सुविधाओं और प्रशिक्षित स्टाफ के इलाज किया जा रहा है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। ट्रामा सेंटर के नाम पर संचालित अस्पतालों में आवश्यक उपकरण और विशेषज्ञ चिकित्सकों का अभाव गंभीर मुद्दा है। बैठक में अनन्या फूड किंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के मंडी शुल्क छूट प्रकरण को भी उठाया गया, जो करीब एक वर्ष से लंबित है। इस पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र निस्तारण की मांग की गई। मंडलायुक्त ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सोनभद्र एवं मिर्जापुर के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!