सोनभद्र। पुलिस ने दुष्कर्म एवं आईटी एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल कर पीड़िता को धमकाने वाले आरोपी को पुलिस ने दिल्ली भागने के प्रयास के दौरान दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना ओबरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 16 अप्रैल 2026 की रात करीब 11:10 बजे थाना सैनी जनपद कौशाम्बी के सामने ओवरब्रिज (कानपुर रोड) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज जायसवाल उम्र 31 वर्ष पुत्र बेचू जायसवाल निवासी महुआ कोठी सिरसा थाना मेजा जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है।
पीड़िता को वायरल करने की धमकी देकर करता था मानसिक प्रताड़ना
पीड़िता द्वारा थाना ओबरा में दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी ने उसके निजी फोटो और वीडियो अपने पास रखकर व्हाट्सएप और फेसबुक के माध्यम से उसे तथा उसके परिजनों को भेजकर वायरल कर दिया। विरोध करने पर आरोपी लगातार पुनः वायरल करने की धमकी देता रहा, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान थी।तहरीर के आधार पर थाना ओबरा में मु0अ0सं0 290/25 के तहत धारा 69, 351(3) बीएनएस व 67 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसका उपयोग आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने में किया गया था। गिरफ्तार करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक सदानन्द राय, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पटेल, कांस्टेबल अरुण कुमार यादव पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: Pramod Gupta
Hello









