April 18, 2026 7:06 pm

ट्रक से कुचलकर की गई हत्या का खुलासा, फरार आरोपी अभय पाल गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में वांछित एवं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घोरावल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में वांछित ट्रक चालक अभय पाल को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक घोरावल बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को गुरेठ मोड़ से ओदार जाने वाली सड़क पर चेकिंग के दौरान अभियुक्त अभय पाल उम्र 35 वर्ष निवासी रीप चुर्क थाना रॉबर्ट्सगंज को सुबह करीब 9:28 बजे गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि 8 दिसंबर 2025 को घोरावल-खुटहा बाईपास पर एक ट्रक ने क्रेटा कार को टक्कर मार दी थी, जिसमें कार चालक राजेश यादव की मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई की तहरीर पर थाना घोरावल में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रहा था, लेकिन विवेचना के दौरान भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि घटना एक सुनियोजित हत्या थी। जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में मंगल पाल के इकलौते पुत्र अनुराग पाल का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी, जिसमें राजेश यादव मुख्य आरोपी था और जमानत पर बाहर था। इसी रंजिश के चलते मंगल पाल ने राजेश यादव की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत एक पुराना ट्रक खरीदा गया और आरोपी अभय पाल को अपने साथ मिलाकर घटना को अंजाम दिया गया। 8 दिसंबर 2025 को खुटहा बाईपास पर पहले से घात लगाकर बैठे अभियुक्तों ने राजेश यादव की कार को ट्रक से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को दुर्घटना का रूप देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी अभय पाल ने पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा किया। उसने बताया कि मंगल पाल के कहने पर उसने ट्रक से कार में टक्कर मारी और घटना के बाद साथी अशोक मांझी के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस टीम को मिली सफलता आरोपी की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राज सिंह राणा, सर्वजीत यादव एवं रामनारायण यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!