सोनभद्र। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से जनपद में शुरू हो गई हैं। जिले के 80 परीक्षा केंद्रों पर कुल 48,325 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन बुधवार को पहली पारी में हाईस्कूल के हिंदी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा में 27,150 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 13,455 छात्र और 13,695 छात्राएं थीं। वहीं 2,115 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अनुपस्थितों में 1,254 छात्र और 861 छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले को छह रूटों में विभाजित कर छह सचल दस्ते तैनात किए गए हैं। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से लैस हैं। इनकी निगरानी जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम से की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेंटर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि जिले में किसी भी परीक्षा केंद्र को संवेदनशील या अति संवेदनशील घोषित नहीं किया गया है। प्रशासन की सतर्कता के बीच परीक्षाएं शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं।
Author: Pramod Gupta
Hello









