सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 (राष्ट्रीय रीवा-रांची राजमार्ग) पर स्थित मस्जिद के पास सोमवार 16 फरवरी को करीब 12:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ईटा मंडी के समीप ट्रैक्टर, बाइक और टेंपो की टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अशोक चंद्रवंशी के रूप में हुई है, जो झारखंड के घघरी निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान उसने बाइक और एक टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अशोक चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल पास के उज्जवल क्लीनिक में भर्ती कराया गया।उज्जवल क्लीनिक के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए विंढमगंज उप स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि नेशनल हाईवे पर संचालित ईटा मंडी के कारण यहां लगातार भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ईंट लदे ट्रकों और ट्रैक्टरों से उड़ने वाली धूल, ट्रैफिक का दबाव और अव्यवस्थित परिवहन व्यवस्था के चलते इस स्थान पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र से ईटा मंडी को हटाकर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। क्षेत्रीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर नेशनल हाईवे पर सुचारु यातायात व्यवस्था बहाल करने और दुर्घटना-प्रवण इस क्षेत्र में स्थायी समाधान लागू करने की मांग की है।
Author: Pramod Gupta
Hello









