February 18, 2026 4:20 am

रिहंद नाले में डूबने से महिला व बच्ची की मौत, गांव में शोक की लहर

सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के बेलवादह गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में महिला और एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।जानकारी के अनुसार गांव निवासी राहुल अपनी पत्नी उषा उम्र 24 वर्ष और भतीजी रिंकी के साथ रिहंद बांध से जुड़े एक छोटे नाले को ट्यूब के सहारे पार कर रहे थे। बताया जा रहा है कि नाले में इस समय पानी अधिक भरा हुआ था और उसमें काफी मात्रा में घास व झाड़ियां भी जमा थीं। क्षेत्र में नाला पार करने के लिए कोई सुरक्षित पुल या वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीण अक्सर ट्यूब के सहारे ही आवागमन करते हैं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से उषा और रिंकी ट्यूब से फिसलकर गहरे पानी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक दोनों की तलाश कराई, लेकिन अंधेरा और पानी में घनी झाड़ियों के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल रहा तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मंगलवार सुबह वाराणसी से एसडीआरएफ की 9 सदस्यीय टीम सब इंस्पेक्टर शहंशाह कटियार के नेतृत्व में करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने निरीक्षण के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे पानी के अंदर झाड़ियों में फंसे महिला और बच्ची के शव बरामद कर लिए। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाले पर शीघ्र पुल या सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!