February 18, 2026 7:20 am

आईजी विंध्याचल परिक्षेत्र ने की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, होली-रमजान, बोर्ड परीक्षा व कानून व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश

सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आर.पी. सिंह के जनपद सोनभद्र आगमन पर मंगलवार 17 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन चुर्क सभागार कक्ष में आगामी होली/रमजान, बोर्ड परीक्षा, अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, बजट व्यय, यक्ष एप के प्रभावी उपयोग एवं साइबर अपराध नियंत्रण के संबंध में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइन चुर्क पहुंचने पर आईजी को सलामी गार्द द्वारा सलामी दी गई, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए गार्द का अभिवादन किया। इसके बाद प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक, एलआईयू एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आईजी ने आगामी होली व रमजान के दृष्टिगत संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। शांति समिति की बैठकें आयोजित कर पुलिस-जन संवाद मजबूत करने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सक्रिय रखने तथा अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, फुट पेट्रोलिंग, बाइक पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10 व 12) को लेकर परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई, स्ट्रांग रूम की निगरानी तथा नकल माफियाओं व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। परीक्षा अवधि में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने हेतु भी समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया। यक्ष एप के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी थानों पर एप के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं का त्वरित सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। बीट पुलिस अधिकारियों को नियमित अपडेट दर्ज करने तथा फीडबैक प्रणाली सुदृढ़ करने के लिए भी निर्देशित किया गया। एप के जरिए अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों की निगरानी को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। साइबर अपराध नियंत्रण के संबंध में साइबर हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय रखने, साइबर फ्रॉड शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया दुरुपयोग और बैंकिंग फ्रॉड के मामलों में शीघ्र समन्वय स्थापित कर पीड़ितों को राहत देने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा महिला सुरक्षा, मादक पदार्थ तस्करी और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्ययोजना को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आवंटित बजट के समयबद्ध एवं पारदर्शी व्यय, लंबित निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव के निर्देश भी दिए गए। डायल 112 एवं कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखते हुए आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक का मुख्य संदेश रहा कि त्योहारों एवं परीक्षाओं के दौरान आमजन को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आधुनिक तकनीक, विशेषकर यक्ष एप और साइबर अपराध नियंत्रण तंत्र को प्रभावी बनाते हुए पारदर्शी व जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!