सीसीटीवी कैमरे,वॉइस रिकॉर्डर सचल दस्ते तैनात सेंटर स्टेटिक मजिस्ट्रेट,पुलिस बल रहेंगे मौजूद
सोनभद्र। माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि जनपद में परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और इस बार परीक्षा शांतिपूर्ण व नकलविहीन माहौल में कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 80 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए हैं तथा आवश्यकता के अनुसार सादी उत्तर पुस्तिकाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं। इस वर्ष जिले से 47,750 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग डेढ़ हजार अधिक हैं। परीक्षार्थियों की बढ़ी संख्या और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर इस बार तीन नए परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे व वॉइस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। इसके साथ ही जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और 6 सचल दस्ते गठित किए गए हैं, जो परीक्षा के पहले दिन सुबह 6 बजे से ही विभिन्न रूटों पर भ्रमण करेंगे। सभी केंद्रों पर सेंटर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। स्ट्रांग रुम की सुरक्षा के लिए रात्रि गश्त की व्यवस्था की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि जिले में कोई भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील या अति संवेदनशील नहीं है। विद्यार्थियों को परीक्षा को उत्सव की तरह लेने और बिना तनाव के परीक्षा देने के लिए पिछले 15 दिनों से मार्गदर्शन व मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नकल निवारण अध्यादेश लागू रहेगा और
परीक्षा पूरी तरह शुचिता के साथ संपन्न कराई जाएगी।









