सोनभद्र। विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने एवं परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा जनपद के प्राथमिक विद्यालय सहजन खुर्द, उच्च प्राथमिक विद्यालय सहिजन कला तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित शिक्षा प्रदान की जाए तथा पठन-पाठन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने शौचालय, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाएगा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाओं की भी समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार हेतु संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंदद पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









