साइकिल सवार को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक की चपेट में
सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता )अम्बिकापुर मार्ग पर मधुघूटरा के पास शुक्रवार की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर गिरे बाइक सवार किशोर को सामने से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक और दो मासूम बच्चे बाल-बाल बच गए।जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के पतेरीटोला निवासी प्रमोद कुमार (14 वर्ष) अपने परिचित विजय कुमार और दो बच्चों (राकेश व काजल) के साथ छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर गए थे। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर आधार कार्ड में सुधार करवाकर वापस अपने गांव लौट रहे थे।जैसे ही उनकी बाइक मधुघूटरा के समीप पहुँची, अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक चालक विजय कुमार ने तेजी से हैंडल घुमाया, जिससे मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन खोने के कारण पीछे बैठा प्रमोद और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का पहिया प्रमोद के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुँची। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।मृतक के पिता अशर्फी लाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









