सोनभद्र। बभनी (नरेश गुप्ता) अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आज इंडियन बैंक की चपकी शाखा के समस्त कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते बैंक का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे ग्राहकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। बैंक कर्मचारियों की नाराजगी के पीछे कई बुनियादी मांगें हैं, जिनमें सबसे प्रमुख ‘5-डे बैंकिंग’ की मांग है।कर्मचारी चाहते हैं कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। वर्तमान में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही बैंक बंद रहते हैं। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित चार नए लेबर कोड का भी कर्मचारी कड़ा विरोध कर रहे हैं। उनका तर्क है कि ये नए नियम भविष्य में नौकरी की सुरक्षा को कम कर सकते हैं। चपकी शाखा में कर्मचारियों की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। रिक्त पदों पर लंबे समय से भर्ती न होने के कारण मौजूदा स्टाफ पर काम का बोझ बढ़ रहा है, जिससे दैनिक कार्यों में बाधा आ रही है। कर्मचारियों का मानना है कि यदि रिक्त पदों को भरा जाता है, तो बैंक की कार्यक्षमता और सेवाओं में काफी सुधार होगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शाखा प्रबंधक इमरोज़ खुर्शीद, अरविंद पाण्डेय, राहुल मिश्रा, विनीत सहित अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









