सोनभद्र। विंधमगंज (सुमन गुप्ता) ग्राम पंचायत धूमा स्थित पंचायत भवन परिसर में अवस्थित पंचमेश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित रुद्र महायज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ आज दिनांक 9 फरवरी 2026 को पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ किया गया। सुबह लगभग 10:00 बजे महायज्ञ मंडप से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त ग्रामवासी एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक गीतों और जयकारों के साथ यात्रा को भव्य रूप प्रदान किया। यह धार्मिक आयोजन दुद्धी विधानसभा क्षेत्र संख्या 403 के भावी प्रत्याशी भाजपा नेता श्रवण सिंह गोड़ के नेतृत्व में कराया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान राम प्रसाद यादव सहित समस्त ग्रामीण जनता सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, यह महायज्ञ गांव में धार्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत 9 फरवरी से 15 फरवरी 2026 तक श्रीराम कथा वाचन एवं प्रवचन का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। प्रतिदिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। श्रीराम कथा का वाचन पूज्यनीय कथावाचक दिलीप कृष्ण भारद्वाज महरार जी द्वारा किया जाएगा, जिनके प्रवचनों को सुनने के लिए दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
आयोजन के समापन अवसर पर 16 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिवरात्रि मेला एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। कुल मिलाकर यह धार्मिक आयोजन आठ दिनों तक चलेगा, जिसमें रुद्र महायज्ञ, श्रीराम कथा, भजन-कीर्तन और सेवा कार्यों का समन्वय देखने को मिलेगा। कार्यक्रम को लेकर पूरे गांव में उत्साह और भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
Author: Pramod Gupta
Hello









