सोनभद्र। ओबरा में हुई जघन्य हत्या को लेकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ओबरा क्षेत्र में अपराध की स्थिति अब बेहद चिंताजनक और खतरनाक हो चुकी है, जो जनपद के लिए गंभीर चेतावनी है। डॉ. तिवारी ने कहा कि खनन और औद्योगिक क्षेत्र सोनभद्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन जब इन्हीं क्षेत्रों से जुड़े व्यवसायी सुरक्षित नहीं रहेंगे तो निवेश, रोजगार और विकास पर गहरा नकारात्मक असर पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अब केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि ठोस, कठोर और परिणाम देने वाली कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ओबरा नगर पंचायत और रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका जनपद के सबसे संवेदनशील क्षेत्र हैं। ऐसे इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाई जानी चाहिए और आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।डॉ. धर्मवीर तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी और माफिया या तो मारे जा रहे हैं या जेल भेजे जा रहे हैं, उसी तर्ज पर सोनभद्र में भी खनन से जुड़े बड़े अपराधियों और माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, तभी कानून-व्यवस्था पर जनता का भरोसा कायम रह सकेगा।
Author: Pramod Gupta
Hello









