सोनभद्र। केंद्र सरकार की श्रम और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में जिले की विभिन्न वामपंथी पार्टियों और संगठनों ने संयुक्त रूप से चूर्क तिराहे से कलेक्ट्रेट तक विशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) माकपा, भाकपा (माले) एटक, सीटू, एक्टू, इंटक, खेत मजदूर यूनियन, संयुक्त किसान सभा, आदिवासी विकास मंच, मनरेगा मजदूर यूनियन समेत कई संगठनों ने भाग लिया। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में बैनर-तख्तियां लिए गगनभेदी नारों के साथ मुख्य मार्गों पर मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे, जहां धरना दिया गया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन ADM को सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने 19 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार पर हमला बोला और कहा कि नए श्रम संहिताएं मजदूरों को गुलामी की ओर धकेलने वाली हैं। इनका तत्काल प्रभाव से रद्द होना आवश्यक है। उनकी मुख्य मांगों में ₹26000 न्यूनतम वेतन, ₹9000 न्यूनतम पेंशन, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, ठेका प्रथा की समाप्ति, निजीकरण पर रोक, स्मार्ट मीटर बंद करने, शिक्षा-स्वास्थ्य की सार्वजनिक गारंटी, स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा और किसानों को फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी प्रमुख हैं।
- सभी श्रम संहिताओं को रद्द किया जाए
- ₹26000 न्यूनतम वेतन व ₹9000 पेंशन की गारंटी
- पुरानी पेंशन योजना बहाल हो
- महंगाई पर रोक लगे, आवश्यक वस्तुओं से GST हटे
- निजीकरण पर रोक लगे, स्मार्ट मीटर बंद हों
- किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
- स्कीम वर्कर्स (आंगनबाड़ी, आशा, मिड डे मील) को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए
- वनाधिकार कानून में जनविरोधी संशोधन रद्द हों
वक्ताओं ने कहा कि यह हड़ताल एकदिवसीय विरोध नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष की शुरुआत है। मजदूर वर्ग अब पीछे नहीं हटेगा- यह संविधान, अधिकार और रोटी की निर्णायक लड़ाई है। धरने को भाकपा जिला सचिव कामरेड आर. के. शर्मा, माकपा के जिला मंत्री नंदलाल आर्य, भाकपा (माले) के सुरेश कोल, एटक नेता राजेन्द्र प्रसाद, सीटू के लाल चंद्र, एक्टू के कलीम, किसान सभा के अमरनाथ सूर्य, इंटक के हरदेव नारायण तिवारी, खेत मजदूर यूनियन के देव कुमार विश्वकर्मा, समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाकपा जिला सचिव व खेत मजदूर यूनियन के नेता कामरेड आर. के. शर्मा ने किया। पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर चूर्क तिराहे से लेकर कलेक्ट्रेट तक भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

Author: Pramod Gupta
Hello