सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर लगभग 3 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोडवेज बस स्टेशन किस उद्देश्य से बनाया गया था, यह सवाल उठ रहा है। एक ओर बस स्टेशन परिसर में तमाम बसें खराब अवस्था में खड़ी हैं, वहीं दूसरी ओर मिर्जापुर डिपो की बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से किया जा रहा है। परिणामस्वरूप प्रतिदिन यातायात बाधित हो रहा है।फ्लाईओवर के नीचे बसों के खड़े होने से सड़क पर जाम लग रहा है। कई बार जाम में एंबुलेंस तक फंस चुकी है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।उसी स्थान पर पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा भी स्थित है। फ्लाईओवर के नीचे न तो महिलाओं के बैठने की व्यवस्था है, न पीने का पानी है और न ही शौचालय है, जिससे बच्चियों को काफी असुविधा हो रही है।उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने लगातार आवाज उठाई है। संगठन की ओर से 8 दिसंबर 2025 को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम सोनभद्र को लिखित शिकायत दी गई। इसके बाद 30 दिसंबर 2025, 17 अप्रैल 2026, 23 मई 2026 तथा 2 नवंबर 2026 को भी जिलाधिकारी एवं मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल को अवगत कराया गया। 8 दिसंबर 2025 के पत्र के क्रम में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सोनभद्र डिपो ने उसी दिन पत्रांक 1098 से मिर्जापुर डिपो को पत्र भेजकर बसों को सोनभद्र डिपो से संचालित कराने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद समाधान नहीं हुआ। कौशल शर्मा ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।









