सोनभद्र। बीजपुर(गौतम गुप्ता) डाक विभाग की ऑनलाइन ट्रैकिंग व्यवस्था पर भरोसा करने वाले आम लोगों के लिए बीजपुर से सामने आया यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। ऑनलाइन रिकॉर्ड में PAN कार्ड की डिलीवरी पूरी दिखाई जा रही है, लेकिन संबंधित आवेदक के हाथ में आज तक कार्ड नहीं पहुंचा है।मामला बीजपुर रिहंद नगर पोस्ट ऑफिस से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आवेदक ने 10 सितंबर 2026 को PAN कार्ड के लिए आवेदन किया था। डाक विभाग की ट्रैकिंग के अनुसार 18 सितंबर को डाक बुक हुई और 26 सितंबर 2026 को सिरसोती बीओ में डिलीवरी दर्ज दिखाई जा रही है। इसके बावजूद आवेदक का कहना है कि उसे PAN कार्ड अब तक प्राप्त नहीं हुआ।सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब दस्तावेज आवेदक तक पहुंचा ही नहीं, तो ट्रैकिंग सिस्टम में उसकी डिलीवरी कैसे दर्ज हो गई? यदि डाक रास्ते में कहीं अटक गई, गलत व्यक्ति को दी गई या किसी अन्य स्तर पर लापरवाही हुई, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है। PAN कार्ड आज आम आदमी के लिए बेहद जरूरी दस्तावेज बन चुका है। बैंकिंग, नौकरी, वित्तीय लेन-देन सहित कई जरूरी कामों में इसकी आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में डाक विभाग की लापरवाही के कारण किसी नागरिक को महीनों तक अपने जरूरी दस्तावेज के लिए परेशान होना पड़े, तो यह गंभीर विषय है। आवेदक ने संबंधित डाक अधिकारियों से मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और PAN कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही यह भी अपेक्षा की जा रही है कि विभाग यह पता लगाए कि डिलीवरी दर्ज करने के बावजूद कार्ड आवेदक तक क्यों नहीं पहुंचा।जनहित का सवाल यह है अगर डाक की ऑनलाइन ट्रैकिंग आम आदमी के भरोसे का माध्यम है, तो उसमें दर्ज डिलीवरी और वास्तविक डिलीवरी में अंतर क्यों?









