November 28, 2026 12:20 pm

राखड़ के गुबार में घुट रही जिंदगी

एनटीपीसी से निकलती राखड़ गाड़ियां बनीं गांव की सबसे बड़ी चिंता—धूल, रफ्तार और हादसों के साये में मजदूर, किसान और राहगीर

स्थानीय लोगों का आरोप—कई हादसों में जानें गईं, फिर भी सड़क पर दौड़ती राखड़ गाड़ियों पर लगाम कब?

सोनभद्र। बीजपुर (गौतम गुप्ता) यह सड़क है या राखड़ का रास्ता? सुबह काम पर निकलता मजदूर हो, स्कूल जाता बच्चा, खेत की ओर जाता किसान या एनटीपीसी प्लांट में ड्यूटी करने वाला कर्मचारी—बीजपुर की मुख्य सड़क पर सफर करने वाला शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जो उड़ती राख और भारी वाहनों के खतरे से अछूता हो। एनटीपीसी पावर प्लांट से राखड़ लेकर निकलने वाले वाहनों की आवाजाही ने मुख्य मार्ग से जुड़े गांवों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राखड़ से लदे वाहनों के गुजरते ही सड़क पर धूल और राख का गुबार उठता है, जो घरों, दुकानों, पेड़-पौधों और खेतों तक पहुंच रहा है। राहगीरों को आंख, नाक और मुंह ढककर सड़क पार करनी पड़ती है।

सबसे बड़ा सवाल—सड़क पर कौन सुरक्षित है?

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ राखड़ वाहन चालक तेज रफ्तार में इस तरह वाहन चलाते हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहन उनके सामने बेहद छोटे नजर आते हैं। कई बार आम वाहन चालकों को किनारे हटकर भारी वाहनों को रास्ता देना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर हुए कई हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है। इन हादसों को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों हैं। उनका सवाल है कि जब इस सड़क पर रोज हजारों लोगों की आवाजाही होती है तो भारी वाहनों की गति, ओवरटेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती क्यों नहीं दिखाई देती?

ड्यूटी जाने वाला मजदूर भी परेशान, घर लौटने की गारंटी कौन देगा?

एनटीपीसी में ड्यूटी करने वाले मजदूर और कर्मचारी रोज इसी रास्ते से आते-जाते हैं। उनके लिए यह सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि रोजी-रोटी तक पहुंचने का रास्ता है। लेकिन राखड़ वाहनों की धूल और तेज रफ्तार के बीच ड्यूटी पर जाना और सुरक्षित घर लौटना कई लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। मजदूरों का कहना है कि प्लांट में सुरक्षा की बात होती है, लेकिन प्लांट तक पहुंचने वाली सड़क पर सुरक्षा का सवाल कौन उठाएगा?

राख सिर्फ सड़क पर नहीं, खेत और घरों तक पहुंच रही

ग्रामीणों का कहना है कि राखड़ वाहनों से उड़ने वाली धूल आसपास के घरों और खेतों तक पहुंच रही है। किसानों को फसलों और पेड़-पौधों पर राख जमने की चिंता है। लोगों का कहना है कि यदि राखड़ का परिवहन आवश्यक है तो उसका सुरक्षित परिवहन भी उतना ही जरूरी है। ढके हुए वाहन, नियमित पानी का छिड़काव, निर्धारित गति सीमा, सड़क की सफाई और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन—ये इंतजाम कागजों में नहीं, जमीन पर दिखाई देने चाहिए।

‘विकास चाहिए, लेकिन मौत और बीमारी की कीमत पर नहीं’

ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें एनटीपीसी के विकास से कोई आपत्ति नहीं है। उन्हें रोजगार और विकास भी चाहिए, लेकिन सवाल यह है कि क्या विकास का रास्ता गांव वालों की सांसों और सुरक्षा से होकर ही गुजरेगा? लोगों ने प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस और एनटीपीसी प्रबंधन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर राखड़ वाहनों की गति और फिटनेस की जांच, ओवरलोडिंग की निगरानी, वाहनों को पूरी तरह ढककर चलाने की व्यवस्था तथा नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित कराया जाए। ग्रामीणों की मांग है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखें और राखड़ वाहनों की आवाजाही को लेकर स्पष्ट सुरक्षा व्यवस्था लागू करें। क्योंकि सवाल सिर्फ राखड़ उड़ने का नहीं है। सवाल उस मजदूर का है जो रोज ड्यूटी पर जाता है। सवाल उस किसान का है जिसकी फसल सड़क किनारे है। सवाल उस बच्चे का है जो इसी सड़क से गुजरता है। सवाल उस परिवार का है जो अपने सदस्य के घर सुरक्षित लौटने का इंतजार करता है। बीजपुर की जनता अब जवाब चाहती है—राखड़ ढुलाई के बीच उनकी जिंदगी और सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? लोगों की मांग साफ है: राखड़ का परिवहन बंद करने की नहीं, बल्कि उसे सुरक्षित बनाने की व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। वरना आज उड़ती राख कल किसी बड़े हादसे की वजह न बन जाए—इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!