सोनभद्र। बीजपुर ( गौतम गुप्ता) रेणुकूट–बीजपुर मुख्य मार्ग पर अंजानी गांव के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से विद्युत पोल टूटकर धराशायी हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे लगे विद्युत पोल को वाहन ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारियों ने संबंधित लाइन की आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सका। ग्रामीणों का कहना है कि सुखदेव यादव के घर के सामने सड़क और पुलिया की हालत पहले से खराब है तथा सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। आशंका जताई जा रही है कि गड्ढे से बचने के प्रयास में अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
बिजली बहाली में देरी पर ग्रामीणों में नाराजगी
विद्युत पोल टूटने के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति कई घंटे प्रभावित रही। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था पहले ही कई समस्याओं से जूझती रहती है, ऐसे में क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल बदलकर आपूर्ति बहाल किया जाना जरूरी है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल हटाकर नया पोल लगाया जाए और बिजली आपूर्ति शीघ्र सुचारु की जाए। साथ ही सड़क एवं पुलिया की खराब स्थिति की भी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना दोबारा न हो।
ग्रामीणों ने उठाया सुरक्षा का सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि टूटे विद्युत पोल और बिजली के तारों के आसपास यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की जाती, तो राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सिर्फ पोल बदलने तक सीमित न रहे, बल्कि सड़क, पुलिया और विद्युत लाइन की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कराए। अब देखना यह है कि विभाग इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल करता है और सड़क की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करता है।









