एफसीआई और रेलवे में नौकरी दिलाने का देता था झांसा, देवरिया समेत कई जिलों के 7-8 लोगों को बनाया शिकार
सोनभद्र। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी को रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र विरेन्द्र बहादुर पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाता था। उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। थाना रायपुर में दर्ज मुकदमा किया गया। वांछित अभियुक्त मनोज कुमार पाण्डेय को शुक्रवार सुबह 7:40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई।26 नवंबर को देवरिया जिले के ग्राम सिरवनीयां, पोस्ट कंचनपुर निवासी दयानंद शर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। शिकायतकर्ता से अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार किए गए फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र थमा दिए गए। दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने शेष दो लाख रुपये देने से इनकार कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्वयं को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के देवरिया तथा सोनभद्र के रायपुर व रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के लोगों को रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर 36ए) है। पुलिस ने उसे गुण्डा एवं दुराचारी भी बताया है। उसके खिलाफ रायपुर, रॉबर्ट्सगंज और देवरिया के तरकुलवा थानों सहित अन्य स्थानों पर धोखाधड़ी, कूटरचना और धमकी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों के साथ करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली है। अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरि, हेड कांस्टेबल शशिकान्त यादव, धर्मेन्द्र कुमार, राजीव कुमार तथा कांस्टेबल संजय कुमार, अंश राजपूत और आशुतोष शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की।
Author: Pramod Gupta
Hello









