November 28, 2026 3:27 am

हाइवा की जोरदार भिड़ंत में चालक केबिन में फंसा, कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर

सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर चोपन थाना क्षेत्र के बैरियर के समीप शुक्रवार को दो हाइवा वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक हाइवा का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक का बायां पैर टूट गया। घायल चालक की पहचान विजय यादव (50) पुत्र गम्मा लाल, निवासी भवानीपुर, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रॉबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक हाइवा डाला की ओर जा रहा था। वाहन प्लास्टिक से ढका हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रहा खाली हाइवा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले हाइवा का चालक केबिन में ही फंस गया और बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। वहीं, आगे वाले हाइवा का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल आगे वाले हाइवा में लदे सामान और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी है।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!