मारकुंडी घाटी में हादसा, एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया घायल चालक
सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत मारकुंडी मुख्य राजमार्ग पर गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मारकुंडी घाटी स्थित बस्ती के समीप राखड़ लदा हाईवा ट्रेलर अचानक अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक शशिकांत (42 वर्ष), निवासी चंडी होटल, रॉबर्ट्सगंज, विंध्यनगर से हाईवा ट्रेलर पर राखड़ लादकर जौनपुर जनपद के शाहगंज जा रहा था। इसी दौरान मारकुंडी घाटी के नीचे बस्ती के पास वाहन का अगला टायर अचानक ब्लास्ट हो गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और भारी-भरकम हाईवा सड़क पर पलट गया।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गुरमा चौकी पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल चालक को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। मारकुंडी घाटी में लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आए दिन भारी वाहनों के आवागमन वाले इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और वाहनों की नियमित जांच बेहद जरूरी है।
Author: Pramod Gupta
Hello









