November 25, 2026 8:37 pm

21 हजार दीपों से जगमगाया सोन नदी का तट, काशी जैसी दिखी देव दीपावली की छटा

चोपन में भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन, काशी के कलाकारों ने प्रस्तुत की महाआरती; आस्था और भक्ति के संगम में सराबोर हुए श्रद्धालु

सोनभद्र। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर चोपन स्थित सोन नदी का तट देव दीपावली के अवसर पर अद्भुत आस्था, भक्ति और संस्कृति के संगम का साक्षी बना। सोन सेवा समिति की ओर से आयोजित भव्य देव दीपावली महोत्सव में 21 हजार दीपों की रोशनी से चोपन के विभिन्न घाट जगमगा उठे। सूर्यास्त होते ही सोनेश्वर महादेव घाट से लेकर नागेश्वरी घाट, छठ घाट, बजरंग घाट और शीतला घाट तक दीपों की ऐसी अनुपम छटा बिखरी कि पूरा सोन तट रोशनी से नहा उठा। इस अलौकिक नजारे को देखने के लिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली और एसडीएम ओबरा ने सोनेश्वर घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और महोत्सव में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। हजारों दीपों के एक साथ प्रज्वलित होते ही सोन नदी का तट भक्तिमय रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने सोन नदी में दीपदान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से बाबा सोनेश्वर की नगरी गूंजती रही। महोत्सव का मुख्य आकर्षण काशी से आए गंगा आरती के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य महाआरती रही। पारंपरिक वेशभूषा, मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और आरती की भव्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही सोन सेवा समिति की ओर से 24 घंटे अखंड हरिकीर्तन, भव्य भंडारा, आकर्षक रंगोली और सुर संग्राम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं नाव के जरिए सोन नदी की लहरों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने दीपों से सजे घाटों का विहंगम दृश्य निहारा। पूरे आयोजन के दौरान चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने लगातार निगरानी बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कुल मिलाकर चोपन की देव दीपावली ने सोनभद्र की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की भव्य तस्वीर पेश की। 21 हजार दीपों की जगमगाहट, भक्ति संगीत, काशी की तर्ज पर महाआरती और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था ने सोन नदी के तट को ऐसा स्वरूप प्रदान किया, मानो काशी की देव दीपावली चोपन की धरती पर उतर आई हो।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!