November 25, 2026 8:37 pm

निजी पैथोलॉजी की महंगी जांच से मिलेगी मुक्ति, मेडिकल कॉलेज में थायरॉयड जांच मुफ्त

T3, T4 और TSH की जांच अब मेडिकल कॉलेज में ही होगी, निजी पैथोलॉजी के चक्कर और खर्च से मिलेगी राहत

सोनभद्र। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज में बुधवार से थायरॉयड जांच की सुविधा शुरू हो गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आईजेन भट्टाचार्य ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर इस सुविधा का शुभारंभ किया। लंबे समय से मरीजों द्वारा इस जांच की सुविधा शुरू कराने की मांग की जा रही थी। अब मरीजों को थायरॉयड जांच के लिए निजी पैथोलॉजी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। खास बात यह है कि मेडिकल कॉलेज में यह जांच पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगी। नई सुविधा के तहत मरीजों की T3, T4 और TSH यानी थायरॉयड प्रोफाइल की जांच की जाएगी। निजी पैथोलॉजी में इन जांचों पर होने वाले खर्च से अब मरीजों को राहत मिलेगी। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह सुविधा काफी लाभकारी साबित होगी। इससे मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आईजेन भट्टाचार्य ने कहा कि जब से उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कार्यभार संभाला है, तभी से यहां उपलब्ध उपकरणों को जल्द से जल्द क्रियाशील कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में थायरॉयड जांच की सुविधा शुरू कराई गई है। उन्होंने बताया कि इस उपकरण के माध्यम से हार्मोनल सहित कई विशेष जांचें भी की जा सकती हैं। आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से अन्य जांच सुविधाएं भी शुरू कराई जाएंगी, ताकि मरीजों को अधिक से अधिक चिकित्सा एवं जांच सेवाएं मेडिकल कॉलेज में ही उपलब्ध हो सकें। गौरतलब है कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज में डिजिटल एक्सरे की सुविधा भी शुरू की गई है। लगातार बढ़ती जांच सुविधाओं से मरीजों की निजी पैथोलॉजी और जांच केंद्रों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों को सक्रिय कर मरीजों के हित में सुविधाओं का विस्तार करना मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। इस मौके पर असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सौमित्र चक्रवर्ती, नोडल अधिकारी डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. अपूर्व झा, डॉ. मनोज यादव, डॉ. स्मृति भास्कर, डॉ. ज्योति अग्रवाल, हेमराज पांडेय, किरण तिवारी, अमन पांडेय, अंकुर सिंह, अखिलेश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Pramod Gupta
Author: Pramod Gupta

Hello

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: Wetter Indien 7 tage

राशिफल

error: Content is protected !!