2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बहुजन समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी का होगा प्रदर्शन
सोनभद्र। संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के तत्वावधान में बहुजन स्वराज संकल्प महारैली का आयोजन किया जाएगा। महारैली के मुख्य अतिथि नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद होंगे। वह रैली को संबोधित कर बहुजन समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। इसके साथ ही सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को भी मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। महारैली की तैयारियों और उद्देश्य को लेकर रविवार, 23 नवंबर को भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी सोनभद्र के बैनर तले रॉबर्ट्सगंज के पुसौली स्थित अंबेडकर पार्क में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पदाधिकारियों ने बताया कि महारैली का मुख्य उद्देश्य संविधान की मूल भावना को मजबूत करना, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक समानता और बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत यह महारैली बहुजन समाज की एकजुटता और राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। इसके माध्यम से समाज के अधिकार, सम्मान, स्वाभिमान और सत्ता में उचित हिस्सेदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली को सफल बनाएं। इस अवसर पर लीगल सेल के जिलाध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र राव, जिला प्रभारी एडवोकेट रविशंकर, मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर, जिला उपाध्यक्ष उमाकांत राव, सौरव मौर्य, अनुराग मौर्य, हीरालाल, अशोक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pramod Gupta
Hello









