रंगोली, पोस्टर और नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश, चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लेने की अपील
सोनभद्र। विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज (एएसएमसी), सोनभद्र में 21 और 22 नवंबर को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं ने रचनात्मक गतिविधियों के जरिए एंटीबायोटिक दवाओं के सही इस्तेमाल और उनके अनावश्यक सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर, फेस पेंटिंग और बेकार वस्तुओं से उपयोगी मॉडल बनाकर संक्रमण से बचाव, हाथों की स्वच्छता, टीकाकरण तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. बृज नंदन सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. प्रशांत पांडेय, डॉ. हरिकांत एवं रेजिडेंट चिकित्सकों ने किया। वहीं, 23 नवंबर को मेडिकल कॉलेज परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें एमबीबीएस 2025 बैच के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक इस्तेमाल से होने वाले खतरों के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने समझाया कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेने से बैक्टीरिया में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो सकती है। ऐसी स्थिति में भविष्य में सामान्य संक्रमण का इलाज भी मुश्किल हो सकता है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आइजेन भट्टाचार्य ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का गलत और अनावश्यक इस्तेमाल पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इसकी रोकथाम केवल चिकित्सकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ आम लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर डॉ. सौमित्र, डॉ. सैफअली सिंह, डॉ. मुक्ता, डॉ. चंद्र भूषण यादव, डॉ. अपूर्व झा, डॉ. भैरव, डॉ. सुशील, डॉ. अमित गुप्ता और डॉ. राहुल सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए लोगों को संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन केवल चिकित्सक की सलाह पर और निर्धारित तरीके से करें, ताकि इन जीवनरक्षक दवाओं की प्रभावशीलता भविष्य में भी बरकरार रह सके।
Author: Pramod Gupta
Hello









